देश के भविष्य को खोखला कर रही है भाजपा: गणेश गोदियाल, ढंडेरा से शुरू होकर लक्सर पहुंची परिवर्तन यात्रा का कार्यकताओं ने किया स्वागत
लक्सर । सोमवार दोपहर बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल परिवर्तन यात्रा के साथ लक्सर पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भाजपा देश के भविष्य को खोखला करने का काम कर रही है। उन्होंने देश को बचाने के लिए भाजपा का सत्ता से बाहर करने की अपील लोगों से की। कांग्रेस हर विधानसभा में भाजपा सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा निकाल रही है। सोमवार को यात्रा खानपुर विस के ढंडेरा से शुरू होकर लक्सर पहुंची। यहां जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा देश के संसाधनों को पूंजीपतियों के हाथ बेच रही है। इसे हटाए बिना देश का भला नहीं होगा। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि लोग भाजपा की हकीकत समझ चुके हैं और अब दिल से कांग्रेस के साथ हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि लोगों ने मोदी के आहवान पर डबल इंजन की सरकार बनवाई थी। पर वह भी काम नहीं कर पा रही है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। सह प्रदेश प्रभारी राजेश धर्मानी व दीपिका पांडे ने दावा किया कि अगली बार उत्तराखंड व दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़, डॉ. जीतराम, भुवन कापड़ी, रणजीत रावत ने लोगों से कांग्रेस का हाथ मजबूत करने की अपील लोगों से की। जनसभा में जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह, नगर अध्यक्ष देवेश राणा, ताहिर हसन, बालेश्वर सिंह, सहदीप सिंह, डॉ. उमादत्त शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव अनुपमा रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लंढौरा व लक्सर के बीच दस से अधिक जगहों पर यात्रा का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में अरुण चौधरी, सचिन कुमार, रजत खेड़ा, पंकज, जॉनी कटारिया, विनोद कुमार, नसीम अंसारी, संजय सैनी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।



