आप का सीएम का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल आज थामेंगे भाजपा का दामन, सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में ग्रहण करेंगे भाजपा की सदस्यता
देहरादून । विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) मंगलवार शाम को भाजपा का दामन थामेंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत अन्य नेताओं की उपस्थिति में समर्थकों सहित भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
जून 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण में कर्नल कोठियाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सेवानिवृत्ति के बाद वह युवाओं को सेना में भर्ती के मद्देनजर प्रशिक्षण देने में जुट गए। इस कड़ी में वह विभिन्न जिलों में शिविरों का आयोजन करते आ रहे हैं। इस बीच उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के चुनाव से पहले कर्नल कोठियाल ने आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होकर राजनीतिक पारी की शुरुआत की।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नल कोठियाल को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। आप ने राज्य विधानसभा की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसके किसी भी प्रत्याशी को सफलता नहीं मिल पाई। कर्नल कोठियाल और उनके समर्थकों ने हाल में ही आम आदमी पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था।
इसके बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चा चल रही थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक समेत अन्य नेताओं के साथ दो बार की वार्ता के बाद कर्नल कोठियाल ने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने पर सहमति जता दी। अब वह मंगलवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे सकती है।





























