हरिद्वार में कांग्रेस नेता ने क्रशर स्वामी को दी गोली से उड़ा देने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
हरिद्वार । पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुखविंदर कौर के पति कांग्रेस नेता गुरजीत सिंह लहरी पर एक क्रशर स्वामी को गोली से उड़ा देने की धमकी देने का आरोप लगा है। क्रशर स्वामी के आरोप पर श्यामपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस कांग्रेस नेता की तलाश में जुट गई है। घटना सोमवार को क्षेत्र के गांव कटेबड़ में एक विवाह समारोह की बताई जा रही है। उधर, कांग्रेस नेता गुरजीत ने आरोपों को निराधार बताया है। कनखल निवासी अभिषेक गर्ग का लालढांग क्षेत्र में स्टोन क्रशर है। सोमवार देर शाम वह एक विवाह समारोह में लालढांग गए थे। आरोप है कि जहां उनकी मुलाकात कांग्रेसी नेता गुरजीत लहरी हुई। इस दौरान उसकी किसी बात को लेकर कांग्रेस नेता से कहासुनी हो गई। क्रशर स्वामी के मुताबिक कांग्रेस नेता ने उन्हें गोली से उड़ा देने की धमकी दी। विवाह समारोह में मौजूद लोगों ने मामले में बीच-बचाव किया। जिसके बाद कांग्रेस नेता मौके से चले गए। इधर, क्रशर स्वामी ने श्यामपुर थाने पहुंचकर कांग्रेस नेता के खिलाफ तहरीर दी। एसओ श्यामपुर अनिल चौहान ने बताया कि क्रशर स्वामी की शिकायत पर आरोपी कांग्रेस नेता के खिलाफ हत्या की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।



