पॉपुलर की खेती किसानों के लिए फायदे का सौदा, रोपाई का चल रहा उपयुक्त समय, ऐसे लगाए पॉपुलर के पेड़
भगवानपुर । पॉपुलर की खेती किसानों के लिए फायदे का सौदा बन गई है। किसानों को पॉपुलर के पेड़ बेचकर मोटी कमाई हो रही है। पिछले छह महीने में पॉपुलर के दाम दोगुने से भी अधिक हो गए हैं। गन्ने की फसल के लटके भुगतान को देखकर पिछले साल काफी किसानों ने पॉपुलर की ओर रुख किया था। इस बार भी इनकी संख्या बढ़ना तय माना जा रहा है। पॉपुलर की खेती करने पर खेत पांच साल में खाली होता है, लेकिन इसमें लगने वाली लागत न के बराबर है, जबकि आमदनी गन्ने से करीब करीब दोगुनी है। पॉपुलर की खेती में पेड़ के लाइन की दूरी 20 फीट तथा एक लाइन में पेड़ों की दूरी छह फीट तक रहती है। एक बीघा जमीन में 90 से 100 पेड़ तक लगाए जा सकते हैं। इन पेड़ों के बीच में आराम से दूसरी फसल बोई जा सकती हैं। किसी किसी भी सीजन में कोई भी फसल बो सकता है। एक बीघा जमीन में पॉपुलर के 100 पेड़ तक लगाए जा सकते हैं। एक पेड़ पांच साल में तैयार होता है। एक पेड़ में तीन से चार क्विंटल तक वजन निकलता है। यानि पांच साल बाद एक खेत में करीब 300 क्विंटल लकड़ी निकलेगी। पॉपुलर की लकड़ी 700 रुपये प्रति क्विंटल बिकती है। यानि आज के समय में 300 क्विंटल लकड़ी करीब सवा दो लाख रुपये तक की बिकेगी। बाकी फसलों से आमदनी अलग होगी।





























