कांग्रेस ने सात साल में 600 करोड़ खर्च किए, हमने 12 हजार करोड़ के नेशनल हाईवे बनवाए, देवभूमि में बोले- पीएम नरेंद्र मोदी
देहरादून । उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा को चुनावी वैतरणी पार करने के लिए मोदी मैजिक की दरकरार है। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के पक्ष में वातावरण बनाने के लिए भाजपा ने आज शनिवार को देहरादून के परेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा आयोजित की है। पिछले पौने दो महीने में प्रधानमंत्री तीसरी बार उत्तराखंड आए हैं। इस बार उनका यह दौरा राजनीतिक है। आने वाले पांच साल उत्तराखंड को रजत जयंती की तरफ ले जाने वाले हैं। ऐसा कोई लक्ष्य नहीं जो उत्तराखंड हासिल नहीं कर सकता। ऐसा कोई संकल्प नहीं जो इस देवभूमि में सिद्ध नहीं हो सकता। आपके पास धामी जी के रूप में युवा नेतृत्व में उनकी अनुभवी टीम भी है। हमारे पास वरिष्ठ नेताओं की बहुत बड़ी श्रंखला है। उत्तराखंड के उज्जवल भविष्य के लिए समर्पित है। पीएम ने कहा कि हम आपको आश्रित नहीं आत्मनिर्भर बनाना चाहते हैं हमारा अन्नदाता, ऊर्जा दाता भी बने, इसके लिए योजना लाए। खेत मे फसल और बिजली बनी। इससे देश पर भी भार नहीं आया। हमने देश मे उजाला योजना शुरू की। उत्तराखंड में करोड़ों एलईडी बल्ब दिए गए। आज हर घर मे एलईडी बल्ब इस्तेमाल हो रहे हैं। हमने मोबाइल फोन, इंटरनेट सस्ता किया। गांव में कॉमन सर्विस सेंटर खुलवाए। समय के साथ हमारे देश की राजनीति में कईं विकृतियां आ गई हैं। कुछ राजनीतिक दल समाज मे किसी खास धर्म, जाति या अपने इलाके की तरफ ध्यान देते हैं। उसमें उन्हें वोटबैंक नजर आता है। इन दलों ने एक और तरीका अपनाया है। जनता को मजबूत नहीं होने देना। वह चाहते रहे कि जनता हमेशा मजबूर बनी रहे।

जनता को अपना मोहताज बनाओ, ताकि उनका ताज महफूज रहे। उन दलों के सभी प्रयास इसी दिशा में हुए। हमने एक नया रास्ता चुना है, वह मार्ग कठिन है लेकिन देशहित में है। सबका साथ, सबका विकास हमारा मार्ग है। हम जो भी योजना लाएंगे, सबके लिए लाएंगे। बिना भेदभाव के लाएंगे।2007 से 2014 के बीच केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में 600 करोड़ रुपये के केवल 288 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया। जबकि हमारी सरकार ने अपने 7 वर्षों में उत्तराखंड में 12,000 करोड़ रुपये के 2,000 किलोमीटर से अधिक के राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया है। कोरोनकाल में उत्तराखंड में 50 से अधिक नए ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं। आज प्रदेश मे नए मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, भावी पीढ़ी के भविष्य को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पांच साल पहले मैंने कहा था, जो कहा था, उसको याद करने की ताकत राजनेताओं में जरा कम होती है। मुझमें है। आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि उत्तराखंड का पाणी और जवानी उत्तराखंड के काम ही आली। एक समय पहाड़ पर रहने वाले लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का सपना ही देखते थे। हमें कब सड़क मिलेगी, बिजली मिलेगी, कब स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, लेकिन जब कुछ करने का जुनून हो तो सूरत भी बदलती है और सीरत भी बदलती है। आज सरकार इस बात का इंतजार नहीं करती की लोग समस्या लेकर आएंगे। आज सरकार सीधे नागरिकों के पास जाती है। एक समय था कि उत्तराखंड में सवा लाख घरों में नल से जल पहुंचता था। आज सात लाख से ज्यादा घरों में जल पहुंच रहा है। पूर्व की सरकारों ने हर स्तर पर सेनाओं को निराश करने की कसम खाई हुई थी लेकिन हमारी सरकार दुनिया के किसी देश के दबाव में नहीं आती।

