लक्सर में तैनात आबकारी निरीक्षक की वीडियो वायरल, वीडियो में एक व्यक्ति आबकारी निरीक्षक को दे रहा हैं पैसा
रुड़की/ लक्सर । लक्सर में तैनात आबकारी निरीक्षक की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो में एक व्यक्ति आबकारी निरीक्षक को पैसे दे रहा है। आबकारी निरीक्षक अपने हाथ में पैसे न लेकर अपने बेड पर रखे तौलिए के नीचे रखने को कह रहे हैं। आबकारी निरीक्षक ने वीडियो को पुरानी व काटकर बनाई गई बताया है। हालांकि डेली न्यूज उत्तराखंड इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। दो दिन पूर्व किसी ने लक्सर में तैनात आबकारी निरीक्षक शिवप्रसाद व्यास की एक काफी लंबी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। वीडियो में व्यास लक्सर के गेस्ट हाउस के कमरे में बेड पर बैठे हैं। लक्सर की ही एक शराब की दुकान का ठेकेदार पहले उनसे बात करता है। इसके 30 सेकेंड बाद ठेकेदार कुछ रुपये आबकारी निरीक्षक को देने की कोशिश करता है। आबकारी निरीक्षक अपने हाथ में लेने के बजाय रुपये बेड पर रखे तौलिए के नीचे रखने को कहते हैं। ठेकेदार वहां रुपये रखने के बाद काफी देर तक आबकारी निरीक्षक से बात करता रहता है। बातचीत के दौरान आबकारी निरीक्षक लक्सर की कई दुकानों के बारे में ठेकेदार से बात करते हैं। वार्ता में आबकारी निरीक्षक अलग-अलग शराब दुकानों से उनकी बिक्री के आधार पर हर महीने ली जाने वाली हजारों की रकम का भी जिक्र करते हैं। बताया जा रहा है कि आबकारी निरीक्षक को रुपये देने वाले ठेकेदार ने ही चुपचाप वीडियो बनाने के बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया है। आबकारी निरीक्षक व्यास ने वीडियो की जानकारी होने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि वीडियो 2017 की है और एक ठेकेदार ने कांट-छांट कर गलत वीडियो बनाई है।



