ब्यूटीशियन से दुष्कर्म के आरोप में मंगेतर गिरफ्तार, गंगनहर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली से दबोचा आरोपी
रुड़की । सगाई के बाद ब्यूटीशियन से दुष्कर्म करने के मामले में मंगेतर को रमेश नगर थाना कीर्ति नगर नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती ने बताया था कि जनवरी 2019 में पार्लर का काम सीखने के लिए दिल्ली निवासी मौसी के घर गई थी। वहां पर शाहबाज उर्फ इशान से मुलाकात हुई थी। दोनों परिवारों की सहमति से सगाई हो गई। 25 मई 2020 को शाहबाज घर आया और रिश्तेदारों से मिलाने की बात कहकर घर से लेकर गया था। जब भी मौका मिला शाहबाज ने शारीरिक संबंध बनाए। 8 फरवरी 2021 को कलियर और 24 फरवरी 2021 को दिल्ली के फ्लैट पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और विरोध पर मारपीट की थी। विरोध पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी गई। 29 अगस्त को परिवार के लोग दिल्ली गए थे। शाहबाज के परिजनों से मिले थे। आरोप है कि शाहबाज के परिजनों ने कार और पांच लाख रुपये की डिमांड की थी। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि मंगेतर शाहबाज उर्फ इशान निवासी गांव महमदाबाद थाना हल्दौर तहसील चांदपुर जिला बिजनौर को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रीति तोमर, कांस्टेबल हसन जैदी और अनिल शामिल रहे।

