हरिद्वार: स्क्रीनिंग परीक्षा में 40 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
हरिद्वार । सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार में आगामी विज्ञान महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली तरुण वर्ग विज्ञान प्रश्नमंच प्रतियोगिता के लिए प्रथम स्क्रीनिंग परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता एवं विषय ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय में आयोजित इस स्क्रीनिंग परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें उच्च स्तर की विज्ञान प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों ने वैज्ञानिक तथ्यों, तार्किक प्रश्नों एवं सामान्य विज्ञान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर आत्मविश्वास और उत्साह के साथ देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अन्थवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “विज्ञान केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन की जटिल समस्याओं को समझने और उनके समाधान खोजने की प्रभावी प्रक्रिया है।” उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ जिज्ञासा, नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर अध्ययन और प्रयोगधर्मिता अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रतियोगिता प्रमुख प्रवीण कुमार, कैलाश एवं अमित ध्यानी, विज्ञान प्रमुख भानु प्रताप सिंह, सहायक देवेश पाराशर तथा विज्ञान विषय की आचार्याएँ करुणा, प्रियंका पटवाल, सोनिया एवं पूजा का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।


