हरिद्वार में तेज रफ्तार ऑटो की गुलदार से टक्कर, गुलदार और एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत
हरिद्वार । हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर रायवाला के खांडगांव में सोमवार रात तेज रफ्तार से चलते ऑटो की गुलदार से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से ऑटों पलट गया। जिसमे सवार एक यात्री की मौत हो गई। टक्कर लगने से गुलदार भी मौके पर ही मर गया। ऑटो ऋषिकेश से हरिद्वार आ रहा था। इस मार्ग पर वन्य जीवों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने जगह जगह चेतावनी बोर्ड भी लगा रखे हैं। फिर भी इस मार्ग पर वाहनों को तेज गति से दौड़ते देखा जा सकता है। राजाजी टाइगर के मोतीचूर रेंज अधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि यह मार्ग वन्यजीव कॉरिडोर है, मार्ग पर जागरूकता के लिए कई बोर्ड लगाए गए हैं, मगर उसके बावजूद भी तेज रफ्तार वाहन संकट बने हुए हैं। मृत व्यक्ति की पहचान पुलिस के माध्यम से करवाई जा रही है, वहीं गुलदार के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

