उत्तराखंड में पर्यटन और तीर्थाटन की अपार संभावनाएं: ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री और सीएम पुष्कर धामी ने किया नए भवन का लोकार्पण और हेली सेवाओं का शुभारंभ
ऋषिकेश । देहरादून का जौलीग्रांट एयरपोर्ट अब अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस हो गया है। एयरपोर्ट पर 325 करोड़ रुपए की लागत से बने नए टर्मिनल भवन का शुक्रवार को लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया गया। इस टर्मिनल के तैयार हो जाने से एयरपोर्ट पर प्रति घंटा यात्री आवागमन की क्षमता सात गुना बढ़ गई है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डा वीके सिंह, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर पूर्व पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रमेश पोखरियाल निशंक वर्चुअली शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन और तीर्थाटन की अपार संभावनाएं हैं। यह देवभूमि जिसमें चार धाम, हरिद्वार, ऋषिकेश और तमाम पर्यटक स्थल हैं, हर किसी को आकर्षित करने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड को पर्यटन, तीर्थाटन और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से विकसित कर विश्वव्यापी बनाने की योजना को लेकर आगे बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा की नागर विमानन और पर्यटन दोनों एक सिक्के के दो पहलू हैं। यह दोनों आपसी सहयोग से आगे बढ़ते हैं। उत्तराखंड में नागर विमानन के विस्तार के साथ पर्यटन भी तेजी से बढ़ा है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देशवासियों को चार धाम यात्रा के लिए आमंत्रित किया।इस अवसर पर भारतीय विमान पत्तनम प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि भारतीय विमान प्राधिकरण अगले पांच सालों में विमानन क्षेत्र में 25 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहा है। इसमें देश भर में नए हवाई अड्डों का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर 28729 वर्ग मीटर में नए टर्मिनल भवन का निर्माण किया गया है, जिसमें 1200 यात्री प्रति घंटा आवागमन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे फेस का निर्माण भी गतिमान है, जिसे दिसंबर 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जौली ग्रांट एयरपोर्ट की क्षमता 1800 यात्री प्रति घंटा हो जाएगी। बताया गया कि टर्मिनल भवन को पूरी तरह से इको फ्रेंडली बनाया गया है। इसमें सोलर पावर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग की समुचित व्यवस्था के अलावा प्राकृतिक प्रकाश की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर आने वाली यात्री को एक झलक में ही देवभूमि उत्तराखंड के दर्शन हो जाएंगे। इसके लिए टर्मिनल भवन की दीवारों पर सुंदर कलाकृतियां तैयार की गई है। इस अवसर पर महापौर देहरादून सुनील उनियाल गामा, संयुक्त सचिव उषा पारीक, एके पाठक आदि मौजूद रहे।

