रानीपुर मोड़ से नगर निगम की टीम ने हटाया अतिक्रमण, सड़क किनारे रखे बोर्डों को किया जब्त, व्यापारियों की शिकायत पर हुई कार्रवाई
हरिद्वार । रानीपुर मोड़ के आसपास फुटपाथ पर बोर्ड और रेहड़ी लगाकर किए गए अतिक्रमण को नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर हटवाया। सड़क किनारे रखे बोर्डों को निगम की टीम ने जब्त कर लिया। ये कार्रवाई व्यापारियों की शिकायत पर की गई है। चंद्राचार्य चौक के आसपास अतिक्रमण होने के कारण व्यापारियों के लिए परेशानी खड़ी हो रही थी। इसको लेकर न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चौक व्यापार मंडल ने नगर निगम को शिकायत की। जिसके बाद बुधवार को नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती के निर्देशन में टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। चंद्राचार्य चौक के समीप ज्वालापुर जाने वाले मार्ग और भगत सिंह चौक की तरफ जाने वाले मार्ग के पास अतिक्रमण हटाया गया। यहां रखे गए दुकानों के बोर्ड भी निगम की टीम जब्त कर अपने साथ ले गई। अध्यक्ष मृदुल कौशिक ने बताया कि पूर्व में भी फुटपाथ पर विभिन्न प्रकार के बोर्ड या अन्य सामान रखकर अतिक्रमण किया गया था। जिससे यहां आने वाले ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। इसके विरोध में नगर निगम को शिकायत दर्ज कराई गई। जिसके बाद सहायक नगर आयुक्त तनवीर सिंह मारवाह ने टीम भेजकर अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई कराई। तनवीर सिंह मारवाह ने बताया कि दोबारा से अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सामान जब्त करने के साथ ही चालान काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।

