करोड़ों के छात्रवृत्ति घोटाले में तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी के घर नोटिस चस्पा, पांच शैक्षणिक संस्थानों को बिना सत्यापन कराए करोड़ों की छात्रवृत्ति आवंटित करने का आरोप
हरिद्वार । करोड़ों के छात्रवृत्ति घोटाले में तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपराज अग्निहोत्री पर भी एसआईटी ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शासन से भ्रष्टाचार की धारा में बढ़ोतरी करने की अनुमति मिलने पर एसआईटी ने अधिकारी के पेश न होने पर मंगलवार को पेश होने संबंधी नोटिस उसके घर पर चस्पा किया है। एसआईटी ने पिछले दिनों कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जांच की अनुमति शासन से ले ली थी। तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपराज अग्निहोत्री निवासी त्रिलोक नगर कनखल पर पांच शैक्षणिक संस्थानों को बिना सत्यापन कराए करोड़ों की छात्रवृत्ति आवंटित करने का आरोप है। एसआईटी ने जांच में पाया कि कथित छात्रों के नाम भी गलत हैं। एसआईटइी ने अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा बढ़ा दी। निरीक्षक देवेंद्र सिंह, निरीक्षक मुकेश चौहान तथा निरीक्षक राजेंद्र सिंह बिष्ट ने उन्हें अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए कई बार बुलाया लेकिन वह पेश नहीं हुए। एसआईटी ने पेश न होने पर सेवानिवृत्त अधिकारी दीपराज अग्निहोत्री के निजी मकान पर पेश होने के लिए नोटिस चस्पा किया है।

