राष्ट्र पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए एक राष्ट्र-एक चुनाव जरूरी, ब्लॉक सभागार में वन नेशन वन इलेक्शन पर आधारित गोष्ठी का आयोजन
रुड़की। ब्लॉक रुड़की के सभागार में “वन नेशन वन इलेक्शन” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि “वन नेशन वन इलेक्शन” लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अलग-अलग समय पर चुनाव कराने से जहां भारी खर्च होता है, वहीं प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियाँ भी प्रभावित होती हैं। यदि पूरे देश में एक साथ चुनाव कराए जाते हैं तो संसाधनों की बचत होगी और शासन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी। डॉ. सिंह ने इस विषय को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा यह पहल देशहित में अत्यंत उपयोगी और दूरदर्शी साबित होगी।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता उत्तराखंड महिला आयोग की सदस्य बिमला नैथानी रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि एक साथ चुनाव कराने से न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव की प्रक्रिया में कई बार महिलाओं की भागीदारी कमजोर रह जाती है, जबकि एक साथ चुनाव से उन्हें अधिक अवसर और सुविधा मिलेगी। नैथानी ने स्पष्ट किया कि “वन नेशन वन इलेक्शन” भारतीय लोकतंत्र को और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का कार्य करेगा।
इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह, महिला आयोग सदस्य बिमला नैथानी, भाजपा जिला मंत्री प्रतिभा चौहान, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा , खंड विकास अधिकारी सुमन दत्त कुटियाल, सहायक प्रबंधक काम सिंह फरसवान, ब्लॉक मिशन प्रबंधक रोमा सैनी ,रीप परियोजना से मूल्यांकन एवं अनुसरण वित्त सहायक प्रिंस चौहान , आजीविका समन्वयक श्रीमती भावना पंत,एरिया कोर्डीनेटर हेमंत कुमार,कृषि एवं सहायक विस्तार अनुज कटारिया सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


