रुड़की: मलेशिया में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर लौटे पैरा थ्रो बॉल खिलाड़ियों का किया गया भव्य सम्मान
रुड़की। मलेशिया में आयोजित द्वितीय एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों इंजीनियर दिग्विजय सिंह और प्रदीप कुमार का आदर्श नगर स्थित रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. रवि प्रकाश के कैंप कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. रवि प्रकाश ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर इन खिलाड़ियों ने रुड़की, उत्तराखंड और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। रोटरी क्लब सदैव जरूरतमंदों की सेवा और दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए कार्य करता रहा है।
जब खिलाड़ियों ने मलेशिया में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने की जानकारी दी थी, तब रोटरी की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग और स्पॉन्सरशिप का आश्वासन दिया गया था। आज खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उस विश्वास को सार्थक किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह और प्रदीप कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह साबित कर दिया है कि दिव्यांगता सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने देश-विदेश में उत्तराखंड का नाम रोशन किया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।एक प्रश्न के उत्तर में ठाकुर संजय सिंह ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जल्द ही दिव्यांग खिलाड़ियों के हित में खेल नीति लागू करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल सकें।इस अवसर पर खिलाड़ियों इंजीनियर दिग्विजय सिंह और प्रदीप कुमार ने रोटरी क्लब रुड़की, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. रवि प्रकाश, पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने का हौसला दिया।
सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

