कांग्रेसी नेता को गिरफ्तार करने में जुटी पुलिस, मतगणना केंद्र में हुए बवाल में नामजद कांग्रेसी नेता का विवादों से रहा पुराना नाता
हरिद्वार । रोहालकी इंटर कालेज में बने मतगणना केंद्र में हुए बवाल में नामजद कांग्रेसी नेता मुकर्रम अंसारी का विवादों से पुराना नाता रहा है। यह कोई पहला मामला नहीं है जब मुकर्रम का नाम पुलिस डायरी में दर्ज हुआ हो, उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमें दर्ज हैं। स्थानीय पुलिस अब सरगर्मी से मुकर्रम की धरपकड़ में जुटी है। गुरुवार को पंचायत चुनाव के परिणाम आने के साथ बहादरपुर जट सीट से जिला पंचायत सदस्य सीट से चुनाव हारे मुकर्रम अंसारी एवं अन्य लोगों ने मतगणना केंद्र में हंगामा खड़ा कर तोड़फोड़ कर दी थी। यही नहीं पुलिस पार्टी पर पथराव भी कर दिया था। पथराव में निरीक्षक बीएल भारती समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। मुकदमे में नामजद किए गए कांग्रेसी नेता मुकर्रम अंसारी शुरू से ही विवादों में रहा है। उसके खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में पूर्व में कई मुकदमें दर्ज हैं। कुछ माह पूर्व गांव सराय में बिजली काटने आई विजिलेंस टीम की घेराबंदी कर पिटाई कर दी थी और अगले दिन गांव में उलटा विरोध में जाम लगा दिया था। उस वक्त पुलिस ने कांग्रेसी नेता समेत अन्य के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे लेकिन शिकंजा नहीं कसा था। अब पुलिस पार्टी पर हमला करने का आरोप मुकर्रम अंसारी पर है लेकिन पुलिस अभी भी उसे पकड़ नहीं सकी है। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि मुकर्रम अंसारी की तलाश कर रहे हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

