सैनी समाज ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ किया प्रदर्शन, पद से हटाने की मांग की, कहा महापुरुषों का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

रुड़की । महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर महान समाज सुधारक शिक्षाविद ज्योतिबा फुले और देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले के बारे में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा सैनी समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि उन्हें पद से हटाया जाए। ऐसा न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। आजाद नगर की महात्मा ज्योतिबा फुले सैनी धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में सैनी समाज के लोगों ने फूल अर्पित कर ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विरोध प्रदर्शन किया गया। लोकतांत्रिक जनमोर्चा के संयोजक सुभाष सैनी ने कहा कि एक संवैधानिक पद बैठे व्यक्ति की ओर से महापुरुषों के खिलाफ की गई टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। उन्होंने कहा कि ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले केवल सैनी समाज ही नहीं बल्कि सर्व समाज के आदर्श हैं। उनका अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।राजकुमार सैनी ने कहा कि दोनों महापुरुषों के खिलाफ की गई टिप्पणी का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को राज्यपाल पद से मुक्त किया जाए। वह लगातार विवादित बयान देते हैं। इस दौरान सुरेंद्र सैनी, समय सिंह सैनी, आशीष सैनी, मुकेश सैनी, आदेश सैनी, विनोद सैनी, ओमवीर सिंह सैनी,गजे सिंह सैनी, बिजेंद्र सैनी, अमित कुमार, प्रदीप सैनी, सौ सिंह सैनी, शेखर सैनी, मांगेराम सैनी,मास्टर धर्म सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *