चोरी का आरोपी निकला कोरोना पॉजीटिव, कोतवाली में हड़कंप, आननफानन में कोतवाली कैंपस को कराया गया सेनेटाइज, कोतवाली प्रभारी समेत नौ पुलिसकर्मियों ने खुद को किया आइसोलेट
हरिद्वार । कोतवाली रानीपुर कैंपस में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब वाहन चोरी के आरोप में पकड़ा गया आरोपी कोरोना पॉजीटिव पाया गया। आननफानन में कोतवाली कैंपस को सेनेटाइज कराया गया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा समेत नौ पुलिसकर्मियों ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। मंगलवार को सभी पुलिसकर्मी अपना कोरोना टेस्ट कराएंगे। क्षेत्र की पॉश कालोनी शिवालिक नगर निवासी संदीप भदौरिया ने रविवार को अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। रानीपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल बरामद करते हुए आरोपी फरमान निवासी मोहल्ला कैथवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने आरोपी को कोतवाली की हवालात में रखा था। सुबह के वक्त कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिसकर्मी उसे मेडिकल परीक्षण के लिए मेला अस्पताल ले गए। मेला अस्पताल में कोरोना जांच के दौरान आरोपी पॉजीटिव पाया गया। यह सुनते ही पुलिसकर्मी सन्न रह गए। वे उसे लेकर कोतवाली पहुंच गए। आरोपी के पॉजीटिव मिलने की खबर मिलने पर कोतवाली कैंपस में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के निर्देश पर तुरंत पूरे कैंपस को सेनेटाइज कराया गया। विशेषकर हवालात पर पूरा फोकस रहा। आरोपी के संपर्क में कोतवाली प्रभारी के अलावा, कोतवाली का स्टाफ और सीआईयू के पुलिसकर्मी भी आए थे।



