सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2 बीएचईएल में गुरु पूर्णिमा पर गुरु महिमा का हुआ भावपूर्ण गुणगान

हरिद्वार। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सेक्टर-2, बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार में गुरु पूर्णिमा का पर्व सोमवार को श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अन्थवाल द्वारा महर्षि वेदव्यास के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अन्थवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु ही जीवन का सच्चा पथप्रदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना शिक्षा प्राप्त नहीं की जा सकती और शिक्षा के अभाव में मनुष्य का जीवन अधूरा रह जाता है। गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में आचार्य दीपक कुमार ने विभिन्न पौराणिक प्रसंगों एवं प्रेरक कथाओं के माध्यम से गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए विद्यार्थियों को गुरु के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं आचार्या करुणा गुप्ता ने मधुर एवं भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर माता-पिता और गुरु के जीवन में सर्वोच्च स्थान को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों ने भाव-विभोर होकर सुना।

कार्यक्रम का कुशल संचालन आचार्य प्रवीण कुमार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्यगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गुरु वंदना एवं सभी के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *