बुजुर्ग महिला से जेवर लूटने वाले तीन गिरफ्तार, सांप की केचुंली दिलाने के नाम पर बुजुर्ग महिला से जेवरात लूटकर फरार हुए थें आरोपी

हरिद्वार । सांप की केचुंली दिलाने के नाम पर बुजुर्ग महिला पर पत्थर से वार कर जेवरात लूटकर फरार हुए तीन आरोपियों को कनखल पुलिस एवं सीआईयू की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया जबकि सोने का एक कंगन लेकर फरार हुए चौथे आरोपी की तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात और हमला करने में इस्तेमाल हुआ खून से सना पत्थर बरामद हुआ है। इधर, बुजुर्ग महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना जगजीतपुर क्षेत्र में मातृसदन आश्रम पुल के पास 17 नवंबर को घटित हुई थी। क्षेत्र के पुरुषोत्तम विहार निवासी चंदादेवी पत्नी रामगोपाल को खून से लथपथ देखकर राहगीरों ने इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। सामने आया था कि महिला के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है। महिला के पूरी तरह से होश में आने के बाद उसने पुलिस को जानकारी दी थी कि हरकी पैड़ी पर उसकी मुलाकात एक सपेरे से हुई थी, जिसने उसे सांप की केचुंली देने के नाम पर मातृसदन पुल के पास बुलाया था। पुल पर पहुंचने पर कुछ दूरी पर सुनसान मार्ग पर ले जाकर सपेरे एवं उसके दो साथियों ने उस पर पत्थर से हमला बोल दिया था और उसके जेवरात लूट लिए थे। सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सुशील नाथ पुत्र दर्शन सिंह निवासी सपेरा बस्ती भनियावाला देहरादून हाल निवासी चंडी घाट थाना श्यामपुर, उसके भतीजे शाहरुख खान पुत्र धर्मपाल उर्फ हसीन हरिनिवासी चंडी घाट थाना श्यामपुर हाल निवासी सपेरा बस्ती निकट मातृसदन आश्रम कनखल एवं जम्मी नाथ पुत्र जाला नाथ निवासी सपेरा बस्ती घोसीपुरा पथरी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से तीन सोने की चूड़ियां, एक सोने की अंगूठी एवं हमले में प्रयुक्त पत्थर बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि एक चूड़ी मुख्य आरोपी सुशील नाथ का पुत्र फुकारनाथ उर्फ संटू बेचने के लिए ले गया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस टीम में एसओ कनखल दीपक कठैत, जगजीतपुर चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर,एसआई वीरेंद्र नेगी समेत अनेक पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *