गुजरात हादसे में जान गंवाने वालों को संतों ने दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार । गुजरात के मोरबी में हुए हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के नागा संन्यासियों ने श्यामपुर कांगड़ी स्थित गंगा तट के कैलाश प्रेम गिरी घाट पर प्रार्थना की तथा दीपदान कर मृतकों के परिजनों को इस असहनीय दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। अखाड़े के राष्ट्रीय सभापति श्रीमहंत प्रेम गिरी, महामंडलेश्वर संजय गिरी, महामंडलेश्वर मोहनानंद यति, पुजारी वशिष्ठ गिरी, थानापति राजेंद्र गिरि, महंत हीरा भारती, गिरी महंत आदित्य गिरी ,महंत केशवगिरी महंतो ग्वाला पुरी महंत रतन गिरी कोठारी महंत महाकाल गिरी आदि के नेतृत्व में नागा संन्यासी कैलाश प्रेम गिरी घाट पहुंचे। जहां सभी संतों ने दीप प्रज्ज्वलित कर दिवंगत लोगों के लिए मां गंगा से प्रार्थना की। संतों ने पुष्पांजलि देते हुए सभी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बाद में प्रेम गिरि धाम में सभी संतों ने श्रद्धांजलि सभा में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

