कार-बाइक की जबरदस्त टक्कर में दो की मौत, ड्राइवर मौके से फरार, कागजों के आधार पर की गई शिनाख्त

रुड़की । कांवड़ पटरी मार्ग पर देररात एक कार तथा बाइक में भीषण टक्कर हुई। इसमें बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। जेब से निकले कागजों के आधार पर दोनों की शिनाख्त हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को भी सूचना दी। अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।कांवड़ पटरी पर सोमवार देररात दिल्ली की ओर से एक कार तेजी के साथ आ रही थी। नसीरपुर नहर पुल से एक बाइक पर सवार दो युवकों को कांवड़ पटरी पर तेज गति से आ रही कार ने अपनी चपेट में ले लिया। इसके चलते दोनों बाइक सवार दूर जाकर गिर गए और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल कुछ देर वहीं पड़े रहे। उधर से गुजरे अन्य वाहनों ने जब दुर्घटना हुई देखी तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया।सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों को उठाकर रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद कार भी क्षतिग्रस्त हुई। इसके बाद उसका चालक कार को मौके पर छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया। एसएसआई रफत अली ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त दीपक राठी (36) पुत्र इंद्रजीत निवासी ग्राम हरेडी लखनौती थाना पुरकाजी जनपद मुजफ्फरनगर तथा सोनवीर (26) पुत्र जगपाल निवासी ग्राम बरवाला बड़ौत जनपद बागपत के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *