पटाखे जलाने को लेकर विवाद में आपस में भिड़े चौहान बिरादरी के दो पक्ष, जमकर चले लाठी-डंडे, छह लोग जख्मी, सरेराह खूनी संघर्ष होने से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल

ज्वालापुर । ज्वालापुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में चौहान बिरादरी के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे में छह लोग जख्मी हो गए। देर रात तक कोतवाली में कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे दोनों पक्षों के बीच अंत में सुलह हो गई। घटना शुक्रवार देर रात करीब दस बजे मोहल्ला चौहनान की है। चौहान बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले दो पक्षों के बीच किसी बात को पुरानी रंजिश चली आ रही थी। देर रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सरेराह खूनी संघर्ष होने से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना पाकर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस फोर्स ने दोनों पक्षों को जैसे तैसे नियंत्रित किया, उसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली में चले आरोप-प्रत्यारोप के बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई।कोतवाली प्रभारी चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद चला आ रहा था, जिसके चलते ही मारपीट हुई। किसी ने भी लिखित में कोई शिकायत नहीं दी है, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *