संदिग्ध अवस्था में मिला महिला का शव, मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी
बागेश्वर । कौसानी थाना अंतर्गत अमोली गधेरे में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर बागेश्वर ले आई। महिला के पति ने जिला अस्पताल आकर महिला की शिनाख्त की। इधर, पुलिस की सूचना पर मायके पक्ष के लोग बागेश्वर पहुंचे। उन्होंने मृतका की हत्या की आशंका व्यक्त की है। कौसानी के अमोली गांव निवासी 36 वर्षीय दीपा देवी पत्नी जगदीश राम नौ नवंबर से लापता थी। जिसकी तलाश के बाद महिला के जगदीश राम ने कौसानी थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज करायी थी। देर शाम कुछ ग्रामीणों ने अमोली गधेरे के समीप बदबू महसूस की। कुछ दूर जाने पर उन्होंने गधेरे में पत्थर से ढका शव देखा, तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन किसी ने नहीं पहचाना। पुलिस ने महिला के शव को जिला मुख्यालय में बनी मोर्चरी में रख दिया। पुलिस ने जगदीश राम को बुलाकर शिनाख्त कराई। जगदीश ने मृतका की शिनाख्त दीपा देवी के रूप में की। इसके बाद दीपा के मायके को सूचना दी। सूचना मिलने पर मृतका का भाई व मां समेत अन्य स्वजन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने संदेह व्यक्त किया है कि महिला की हत्या की गई है। फिलहाल मामले में किसी ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। मृतका की 18 साल की पुत्री व 16 साल का पुत्र है। इधर, मृतका का पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कोतवाल डीएल वर्मा, उपनिरीक्षक खष्टी बिष्ट समेत एसओजी इंचार्ज राजेंद्र रावत व वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुंदन सिंह रौतेला ने इस संबंध में कई ग्रामीणों से वार्ता कर आवश्यक जानकारी जुटाई।