युवा भारत साधु समाज ने आनंद गिरि को अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाया, बैठक में लिया गया निर्णय, नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में नाम सामने आने पर आनंद गिरि को किया गया पदमुक्त
हरिद्वार । युवा भारत साधु समाज ने बुधवार को एक बैठक कर आनंद गिरि को अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटा दिया है। श्री गरीबदासीय सेवाश्रम में हुई युवा भारत साधु समाज की बैठक में यह निर्णय लिया गया। अध्यक्ष महंत शिवानंद और महामंत्री रविदेव शास्त्री ने बताया कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में नाम सामने आने पर आनंद गिरि को संगठन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से मुक्त कर दिया गया है। अब उनका संगठन से कोई नाता नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि श्रीमहंत नरेंद्र गिरि की मौत की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ा दंड मिलना चाहिए। नरेंद्र गिरि के आकस्मिक निधन से संत समाज को गहरा आघात लगा है। संत समाज को एकजुट करने तथा हिंदू हितों से जुड़े मुद्दों को मुखरता से उठाने वाले श्रीमहंत नरेंद्र गिरि के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। बैठक में महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद, स्वामी दिनेश दास, संत जगजीत सिंह, महंत सूरज दास, महंत रामजी, स्वामी हरिहरानंद, महंत सुतीक्ष्ण मुनि, महंत जगदीश मुनि, महंत श्रवण मुनि, महंत लोकेश दास आदि सहित कई संत महंत उपस्थित रहे।

