उत्तराखंड में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का चुनावी मास्टर स्ट्रोक, रुड़की और काशीपुर सहित 6 नए जिले बनाने की घोषणा

देहरादून / काशीपुर । दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड के चुनाव से पहले पार्टी की ओर से एक मास्टर स्ट्रोक खेला है। काशीपुर रामलीला मैदान में अरविंद केजरीवाल ने प्रदेशवासियों से बड़ा वादा करते हुए 6 नए जिले बनाने की घोषणा की है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर 6 माह के भीतर काशीपुर समेत 6 अन्य जिले बनाए जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि आप की सरकार बनने पर उत्तराखंड की 18 साल से ऊपर की हर महिला को हर महीने 1000 रुपए दिए जाएंगे। केजरीवाल ने ये भी घोषणा की है कि ये राशि विधवा पेंशन और अन्य सहायता राशि से अलग होगी। उत्तराखंड में में 13 जिले हैं। उत्तराखंड में नए जिलों के गठन की मांग के पीछे की मुख्य वजह यह है कि प्रदेश के 10 पर्वतीय जिलों में विकास और मूलभूत जरूरतों की अलग-अलग मांग रही है। इसे देखते हुए राज्य गठन के दौरान ही छोटी-छोटी इकाइयां बनाने की मांग की गई. जिससे ना सिर्फ प्रशासनिक ढांचा जन जन तक पहुंच सके, बल्कि प्रदेश के विकास की अवधारणा के सपने को भी साकार किया जा सके। प्रदेश में कोटद्वार सहित रानीखेत, प्रतापनगर, नरेंद्रनगर, चकराता, डीडीहाट, खटीमा, रुड़की और पुरोला ऐसे क्षेत्र हैं। जिन्हें जिला बनाए जाने की मांग की जा रही है। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि कई सामाजिक संगठनों के साथ ही राजनीतिक दल भी इस आवाज को बुलंद करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *