गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क रजिस्ट्रेशन काउंटर का उद्घाटन किया गया, विधायक प्रदीप बत्रा ने सिविल अस्पताल में तेजी से बढ़ रही मेडिकल सुविधाओं पर अस्पताल प्रबंधन की सराहना की

रुड़की । शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने राजकीय उप जिला चिकित्सालय रुड़की की ओपीडी में गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क रजिस्ट्रेशन काउंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे गर्भवती महिलाओं को काफी सहूलियत मिलेगी। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा है कि राज्य की धामी सरकार आमजन के स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह गंभीर है। शहर से लेकर गांव तक चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना की लहर के मद्देनजर शासन और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सिविल अस्पताल को जिला अस्पताल बनाए जाने की प्रक्रिया काफी तेजी से चल रही है। जिला अस्पताल बनने से रुड़की शहर व आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर मेडिकल सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। दस बेड का आइसीयू वार्ड पहले ही बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही ऑक्सीजन प्लांट भी बनाया गया है। एक और नया ऑक्सीजन प्लांट और दस बेड का एक और आइसीयू वार्ड बनाने की तैयारी है। इससे अस्पताल में आईसीयू वार्ड में बेड क्षमता दोगुनी हो जाएगी। सीएमएस डॉ संजय कंसल ने विधायक को जानकारी दी है कि एक निजी कंपनी कॉरपोरेट रिस्पांसबिलिटी फंड (सीएसआर फंड) से सिविल अस्पताल में दस बेड का आइसीयू वार्ड बनाने को तैयार है। जिसके लिए कंपनी की ओर से टीम ने आइसीयू वार्ड को लेकर निरीक्षण कर चुकी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से मेडिकल सुविधाओं में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल में स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है । यहां पर आने वाले प्रत्येक मरीज को पर्याप्त मेडिकल सुविधा दी जा रही है। विधायक प्रदीप बत्रा ने सीएमएस डॉ संजय कंसल व अस्पताल के सभी चिकित्सकों की सराहना की और कहा है कि सभी चिकित्सक आमजन को अच्छी से अच्छी मेडिकल सुविधा प्रदान करने की कोशिश कर रहे हैं। कोरोना संकटकाल में सिविल अस्पताल के चिकित्सकों का सराहनीय योगदान रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *