रुड़की के कार्तिक कंसल ने यूपीएससी में हासिल की 271 वीं रैंक, शहरवासियों ने दी बधाई
रुड़की । शहर निवासी कार्तिक कंसल ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 271 वीं रैंक हासिल की है। आईआईटी रुड़की से पासआउट कार्तिक वर्तमान में इसरो में तैनात हैं। उनके पिता राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात हैं।
सोमवार को यूपीएससी ने सिविल सर्विस की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। चावमंडी रुड़की निवासी कार्तिक कंसल ने सामान्य श्रेणी में 271 वीं रैंक हासिल की है। कार्तिक ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई सैंट गैब्रियल स्कूल रुड़की से की। इसके बाद आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। 2018 में बीटेक करने के बाद उनका चयन इसरो में श्रीहरिकोटा आंध्र प्रदेश में हुआ। उनका बीपीसीएल और आईओसी से भी चयन हो गया था लेकिन उन्होंने इसरो में सेवा देने का निर्णय लिया और इसके साथ ही यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। उनके पिता एलसी गुप्ता हरिद्वार जिले में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में वह राजकीय पुलिस और भूलेख प्रशिक्षण संस्थान अल्मोड़ा में ट्रेनिंग पर हैं।





























