कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा की

नैनीताल/हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कैंप कार्यालय, हल्द्वानी में सिंचाई, पेयजल एवं विद्युत उत्पादन के लिए निर्मित की जा रही जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की प्रगति, समयबद्धता एवं गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे द्वारा अवगत कराया गया कि परियोजना अंतर्गत दो टनलों का निर्माण कार्य लगभग 85 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त नदी के पानी के डायवर्सन हेतु दो कौफर डैम के निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। बताया गया कि जून 2026 तक टनल निर्माण एवं कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके उपरांत आगामी बरसात में नदी का पानी टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद स्थायी बांध के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।

महाप्रबंधक महेश खरे ने जानकारी दी कि जमरानी बांध परियोजना का समस्त निर्माण कार्य जून 2029 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह परियोजना पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

बैठक में जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के अंतर्गत कैनाल निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में हरिपुर फीडर एवं पाहवा फीडर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर कुमाऊं आयुक्त ने निर्देश दिए कि हल्द्वानी शहर क्षेत्र में जमरानी कैनाल की फीडर को कवर करने हेतु आवश्यक कार्य सुनिश्चित किया जाए, जिससे शहरी क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही कुमाऊं आयुक्त ने परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास हेतु उधम सिंह नगर जनपद के किच्छा स्थित पराग फार्म में निर्मित की जा रही आवासीय कॉलोनी के निर्माण कार्यों की भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
समीक्षा बैठक में सहायक निदेशक, अर्थ एवं संख्या विभाग राजन तिवारी, उप महाप्रबंधक जमरानी बांध बी0बी0 पांडे सहित परियोजना से संबंधित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *