4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर पुलिस परिवार की महिलाएं मुखर, धरना-प्रदर्शन
देहरादून/रुद्रपुर । 4600 ग्रे पे की मांग को लेकर पुलिस परिवार की महिलाओं ने रुद्रपुर के अंबेडकर पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इसका पता चलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान महिलाओं का कहना था कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं की जाती, धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर वे भूख हड़ताल भी शुरू करेंगे। इधर, पुलिस परिवार की महिलाओं के धरना प्रदर्शन को विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी समर्थन दिया। रविवार को पुलिस, पीएसी परिवार की महिलाएं अंबेडकर चौक पहुंची और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान उनका कहना था कि पुलिस विभाग में वर्ष, 2001 व 02 में आरक्षियों के वेतन विसंगति में छठे वेतन आयोग की सिफारिश लागू होने के पश्चात पुलिस विभाग में 16 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी होने पर 4600 ग्रेड पे दिया जा रहा था। सातवें वेतन आयोग के लागू होने से पूर्व तत्कालीन सरकार ने एमएसीपीएस 2017 के आधार पर 20 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी होने पर 4600 ग्रेड पे दिए जाने के आदेश दिए थे। जो पूर्व पुलिस कर्मियों को दिया जा रहा है। लेकिन वर्ष, 2001 में भर्ती पुलिस कर्मियों को वर्ष, 2020 में 20 वर्ष की सेवा अवधी पूर्ण होने पर शासन ने कार्मिकों को 4600 के स्थान पर 2800 ग्रेड पे दिए जाने के आदेश दिए हैं। जो अन्याय पूर्ण हैं। अंबेडकर पार्क में पुलिस कर्मचारियों के परिजनों के धरना प्रदर्शन की सूचना पर एसपी सिटी ममता बोहरा, एसपी काशीपुर प्रमोद कुमार, सीओ सिटी अमित कुमार महिला और पुरुष पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के साथ पहुंच गए।
इस दौरान उन्होंने पुलिस परिवार की महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। उनका कहना था कि पुलिस अधिकारी उन्हें लिखित आश्वासन दें, तभी वह धरना प्रदर्शन खत्म करेंगी। चेतावनी दी कि मांग पूरी न हुई तो वह भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे। बाद में विधायक राजकुमार ठुकराल भी धरना स्थल पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पुलिस परिवार की महिलाओं को समर्थन देते हुए कहा कि उनकी इस लड़ाई में वह उनके साथ हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा।

