यूकेडी के जिला महामंत्री ने की थी बुजुर्ग दंपति के साथ लूटपाट, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार, एसएसपी ने थपथपाई पुलिस टीम की पीठ

हरिद्वार । आयुर्वेद चिकित्सक राजेंद्र अग्रवाल और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर जेवर-नगदी लूटने की वारदात को उत्तराखंड क्रांति दल के जिला महामंत्री ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया था। सीआईयू एवं ज्वालापुर पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी रकम और सोने का हार बरामद कर लिया है। दो दिन के अंदर ही लूट की वारदात का खुलासा होने पर डीआईजी-एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। ज्वालापुर क्षेत्र की रामनगर कालोनी में मुख्य मार्ग पर रहने वाले आयुर्वेद चिकित्सक राजेंद्र अग्रवाल और उनकी पत्नी विजया अग्रवाल को चार दिसंबर को बंधक बनाकर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। मरीज बनकर पहुंचे बदमाश बुजुर्ग दंपति को बाथरूम में बंधक बनाकर करीब 2.93 लाख रुपये और सोने का हार लूटकर फरार होने में कामयाब रहे थे। दिनदहाड़े हुई घटना ने पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया था। एसएसपी कार्यालय में डीआईजी-एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने गांव एक्कड़ पथरी के पास से सोमवार सुबह सीआईयू एवं ज्वालापुर की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल सवार शहजाद पुत्र अशरफ एवं राशिद अली पुत्र तसलीम उर्फ कालू निवासी निकट अली चौक कस्बा सुल्तानपुर लक्सर को पकड़ लिया। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में आयुर्वेद चिकित्सक के घर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी रकम और सोने का हार भी बरामद हुआ। डीआईजी ने बताया कि शहजाद यूकेडी का जिला महामंत्री है और पेशे से ठेकेदार है जबकि राशिद की कन्फेक्शनरी की दुकान है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस दौरान एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय, सीओ सदर रेखा यादव, सीआईयू प्रभारी नरेंद्र बिष्ट, कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी चंद्रचंद्राकर नैथानी समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *