बोर्ड बैठक कराने की मांग को लेकर पार्षदों का धरना, बैठक ऐजंडा जारी करने के लिए तीन दिन का दिया अल्टीमेटम
रुड़की । बोर्ड बैठक कराने की मांग को लेकर पार्षदों के एक खेमे ने नगर निगम में धरना दिया। बैठक ऐजंडा जारी करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया। इसके बाद पार्षद आगे की रणनीति बनाएंगे। पार्षद शहरी विकास मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिलने की तैयारी में हैं। नगर निगम रुड़की में मेयर और पार्षदों के एक खेमे के बीच कई दिनों से टकराव की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार शाम को इस विवाद ने तूल पकड़ दिया था। निगम परिसर में कुछ पार्षदों और मेयर के बीच विवाद हुआ। मेयर ने पांच पार्षदों का नाम लेते हुए खुद पर हमला करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। रविवार को पार्षदों ने पत्रकार वार्ता कर मेयर के खिलाफ मोर्चा खोला और इस्तीफे की मांग की थी। पार्षदों ने सोमवार को धरना देने का ऐलान किया था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे पार्षदों का एक गुट निगम में एकत्र हुआ और मेयर कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। पार्षदों ने बोर्ड बैठक कराने की मांग की। इसके लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया। तीन दिन बाद आगे की रणनीति तय करने की बात कही गई। पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से मिलने की तैयारी भी कर रहा है। कुछ पार्षदों ने कहा कि वह जिलाधिकारी से भी मिलेंगे। बताया कि अगर मेयर बोर्ड बैठक नहीं कराते तो जिलाधिकारी अपना प्रतिनिधि भेजकर बोर्ड बैठक करा सकते हैं। इस दौरान पार्षद रवींद्र खन्ना बेबी, धीरज पाल, चारू चंद्र, मोहसीन, नितिन त्यागी, राकेश गर्ग, आशीष अग्रवाल, जेपी शर्मा, प्रमोद पाल, मयंक पाल, कुलदीप तोमर, संजीव तोमर, संजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।

