हरिद्वार: परिवार सोता रहा, चोर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी ले गए
हरिद्वार । ज्वालापुर क्षेत्र में एक परिवार अपने घर में सोता रह गया और चोर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी ले गए। मकान स्वामी की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। क्षेत्र के गांव सराय के पास दुर्गा विहार कालोनी में रहने वाले अजय प्रताप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 31 जुलाई की रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। सुबह जब उनकी नींद खुली तब घर के अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गए। अलमारी का सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी से तीन अंगूठियां, चार जोड़ी कुंडल, चार जोड़ी पाजेब, बच्चों के दो जोड़ी पाजेब, लॉकेट एवं 15 हजार की रकम गायब थी। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि चोर संभवत छत के रास्ते से दाखिल हुए थे। इस संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



