भाजपा युवा मोर्चा के तीन पदाधिकारी निष्कासित, भाजपा प्रत्याशी की खिलाफत और दूसरे उम्मीदवार के चुनाव प्रचार में भाग लेने का आरोप

रुड़की । भाजयुमो के लक्सर मंडल अध्यक्ष रविश चौधरी ने कार्यकारिणी के मंडल महामंत्री, मंडल उपाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य को छह साल के लिए संगठन से बाहर कर दिया है। तीनों पर विस चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी की खिलाफत करना और दूसरे उम्मीदवार के चुनाव प्रचार में भाग लेने का आरोप है। विधानसभा चुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद से भाजपा में लक्सर सीट पर घमासान मचा है। मतदान वाले दिन लक्सर के विधायक संजय गुप्ता ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर पार्टी विरोधी काम करने और भ्रष्टाचार से हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति इकट्ठा करने का आरोप लगाया था। मतदान के अगले दिन भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने लक्सर नगर पालिका में भाजपा से नामित विधायक भूपेंद्र निगम, वार्ड 2 की भाजपा सभासद के पति कुलदीप मोनू के अलावा संगठन में पदाधिकारी रहे राहुल अग्रवाल और राजेंद्रनाथ मेहंदीरत्ता को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। उन पर लक्सर से भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव प्रचार करने का आरोप था। अब भारतीय जनता युवा मोर्चा के लक्सर मंडल अध्यक्ष रविश चौधरी ने भी तीन पदाधिकारियों को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी कार्यकारिणी के महामंत्री रण विजय पसरीचा, उपाध्यक्ष डॉ. कपिल आर्य और कार्यकारिणी सदस्य रोहित धीमान को छह वर्षों के लिए संगठन से निष्कासित किया गया है। तीनों ने विस चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी के बजाय सीट से चुनाव लड़ने वाले दूसरे प्रत्याशी के लिए काम किया है। बताया कि मोर्चा के जिलाध्यक्ष सचिन गुज्जर की संस्तुति के बाद तीनों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *