उत्तराखंड में मौसम विभाग ने जताया पूर्वानुमान, मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में अगले 24 घंटों में छाएगा कोहरा, शीतलहर ने आज कराया ठंड का एहसास

देहरादून । बर्फबारी और बारिश के बाद गिरे तापमान और शीतलहर के कारण कंपकंपी का एहसास हो रहा है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 और 22 दिसंबर को 2500 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को राज्य के अधिकतर इलाकों में धूप खिली रही। केदारनाथ धाम में अब भी सात फीट से अधिक बर्फ मौजूद है। धाम में बिजली, पानी और संचार सेवा ठप है। धाम में शीतलहर के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं हरिद्वार और रुद्रपुर में सुबह घना कोहरा छाया रहा। शुक्रवार को मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी। बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज बदला है। बर्फ पिघलने के साथ ही चल रही शीतलहर के कारण ठंड बढ़ गई। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 21.5 और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 5.6 और न्यूनतम तापमान -0.2 डिग्री सेल्सियस रहा।अधिकतम तापमान सामान्य से नौ और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि 21 और 22 दिसंबर को मैदानी क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों में ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में कोहरा छाने की संभावना है, जबकि राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।

पर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे पर फॉलो करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *