वीकेंड पर मसूरी में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती, कोविड जांच और बुकिंग जरूरी, बैरियर लगाकर होगी चेकिंग

देहरादून । वीकेंड पर मसूरी में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती कर दी गई है। अब शनिवार और रविवार को केवल उन्हीं लोगों को मसूरी जाने की अनुमति दी जाएगी जिनके पास 72 घंटे की कोरोना की निगेटिव जांच रिपोर्ट होगी और मसूरी में रुकने के लिए होटल या गेस्ट हाउस बुक कराया हुआ होगा। वहीं स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण भी अनिवार्य है। कोविडकाल में राज्य के पर्यटक स्थलों पर बढ़ती भीड़ को हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है। हाईकोर्ट के निर्देशों को देखते हुए पुलिस ने भी सख्ती शुरू कर दी है। एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वीकएंड पर पर्यटक स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्लान बनाया गया है। इसके तहत शनिवार और रविवार को मसूरी जाने वाले लोगों को रोकने के लिए कुठाल गेट और किमाड़ी में बैरियर लगाए जाएंगे। बैरियर पर मसूरी जाने वाले लोगों की जांच की जाएगी। बैरियर से आगे केवल उन्हीं लोगों को जाने दिया जाएगा, जिनके पास मसूरी में रुकने की बुकिंग होगी। साथ ही 72 घंटे की कोरोना की नेगेटिव जांच रिपोर्ट और स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी होगा। मसूरी में वीकेंड पर व्यवस्था बनाने को 100 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात होंगे। अन्य पर्यटन स्थलों के लिए भी प्लान बनाया गया है। उन्होंने जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर यह निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *