उत्तराखंड किसान मोर्चा की मासिक पंचायत में पदाधिकारियों ने उठाया तहसील से लेकर रजिस्टार कार्यालय तक में हो रहे भ्रष्टाचार का मुद्दा
रुड़की । उत्तराखंड किसान मोर्चा की मासिक पंचायत में पदाधिकारियों ने तहसील से लेकर रजिस्टार कार्यालय तक में हो रहे भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। साथ ही, चेतावनी दी यदि अवैध वसूली नहीं रुकी तो किसान बड़ा आंदोलन करेंगे। सोमवार को रुड़की के प्रशासनिक भवन में उत्तराखंड किसान मोर्चा की मासिक पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि किसानों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। स्थिति यह है कि किसान रजिस्टार कार्यालय में (किसान क्रेडिट कार्ड) केसीसी दर्ज कराने के लिए जाता हैं तो यहां पर उससे अतिरिक्त शुल्क की मांग की जा रही है। अभी तक बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किया गया है। सरकार किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम भी नहीं दे रही है। राजेन्द्र सिंह ने कहा कि संगठन के सभी ब्लाक और तहसील के पदाधिकारी कमेटी का गठन करने के साथ ही संगठन को मजबूत करने का काम करे। गांव-गांव की चौपाल पर अब पंचायत होगी। किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। तेजपाल सिंह की अध्यक्षता और दीपक पुंडीर के संचालन में आयोजित पंचायत को धर्मवीर प्रधान, संदीप सैनी, आकिल, राजपाल सिंह, गालिब, सतीश त्यागी, जोनी कुमार, बचन सिंह, मकर सिंह, जहांगीर अली ने संबोधित किया।

