हरिद्वार में चेतावनी निशान के करीब पहुंची गंगा, घाट खाली कराए, गंगा का जलस्तर 292.90 मीटर रिकॉर्ड किया गया
हरिद्वार । भीमगोड़ा बैराज पर रविवार को गंगा का जलस्तर 292.90 मीटर रिकॉर्ड हुआ। इस दौरान गंगा चेतावनी निशान से मात्र 10 सेंटीमीटर नीचे बही। करीब दो घंटे तक गंगा चेतावनी निशान के आसपास बहती रही। दिन में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर रहे।
ऋषिकेश के पशुलोक बैराज से गंगा में करीब डेढ़ लाख क्यूसेक पानी की फ्लशिंग की गई थी। वहीं, गंगनहर में सिल्ट की मात्रा बढ़ने के बाद गंगनहर को बंद किया गया है। रविवार को भीमगोड़ा बैराज पर सुबह के समय गंगा का जलस्तर बढ़ा गया। सूचना के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
साथ ही गंगा के किनारे रहने वालों लोगों से सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया। गंगा में स्नान करने वाले लोगों को भी गंगा का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी गई। वहीं डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। दिन में कई दफा डीएम ने गंगा के जलस्तर की जानकारी यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारियों से ली। गंगा के तटीय इलाकों में बसे गांवों को अलर्ट में रखा गया है। बता दें कि भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का चेतावनी निशान 293 मीटर है। रविवार को सुबह 11 बजे गंगा 292.90 मीटर पर बही। जो चेतावनी निशान से महज 10 सेंटीमीटर नीचे रहा। अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि सुबह गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान के करीब पहुंच गया। बताया कि गंगा का चेतावनी निशान 293 मीटर और खतरे का निशान 294 मीटर पर है।