बरातियों ने ऐसी की आतिशबाजी की उन्हीं पर पड़ गई भारी, ग्रामीणों ने बरातियों को बनाया बंधक
बागेश्वर । बागेश्वर के धमोली गांव में एक बारात के दौरान एक बढ़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल बारातियों की ओर से हुई आतिशबाजी से ग्रामीणों के सूखे घास के 40 लुट्टे आग की भेंट चढ़ गए। इससे गुस्साएं कुछ ग्रामीणों ने आग बुझाने का अभियान चलाया तो कुछ ने बारातियों को बंधक बना लिया। काफी देर के बाद समझौता इस पर हुआ कि वर व वधू पक्ष ग्रमीणों को एक लाख रूपये देंगे, ताकि घास पत्ती के हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। दस हजार रुपए जमा कराने के बाद ग्रामीणों ने बारातियों को वापस जाने दिया। अब स्थिति यह है कि दोनों ही पक्ष गरीब होने के कारण समझ नहीं पा रहे हैं कि एक सप्ताह के भीतर ग्रामीणों को 90 हजार रुपए का इंतजाम कैसे होगा? इसमें से बीस हजार रुपए वधू पक्ष देगा शेष 80 हजार का नुकसान वर पक्ष को भुगतना होगा। वर मोहन सिंह की गांव में ही एक छोटी सी दुकान है। उसके पिता घोड़ों पर लोगों का सामान व अन्य निर्माण सामग्री ढोने का काम करते हैं। उधर, वधू संगीता के पिता भी एक होटल में छोटी मोटी नौकरी करते हैं। आर्थिक रूप से वे भी सक्षम नहीं है। बेटी के विवाह के लिए उन्होंने पूरी जमा पूंजी एकत्रित करके व्यवस्थाएं कीं थी। दोपहर बारात झूमते गाते दीवान सिंह के घर के लिए रवाना हुई थी। बारात में शामिल कुछ युवक उत्साह में आतिशबाजी कर रहे थे. पटाखे और राकेट चलाए जा रहे थे। दुल्हन के घर में बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थी। अचानक गांव से कुछ पहले ग्रामीणों के खेत में रखे गए सूखे घास के ढेर में आग लग गई। आग धीरे—धीरे ऐसी फैली की एक दो नहीं पूरे चालीस लुट्टे देखते ही देखते भस्म होने लगे। फिर क्या था पूरा गांव वहां जुट गया और इस बिन बुलाई मुसीबत का सारा दोष बारातियों के माथे पर जा पड़ा। बारातियों ने उस वक्त राकेट चलाने की बात से इंकार किया तो ग्रामीणों में हाथा-पाई की नौबत भी आ गई।

