महिला प्रत्याशियों के शैक्षिक प्रमााणपत्र फर्जी होने की शिकायत, शिकायतकर्ता ने कहा जल्द से जल्द प्रशासन को गुमराह करने वाली प्रत्याशियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए
बहादराबाद । विकासखंड बहादराबाद के गांव दादूपुर गोविंदपुर में प्रधान पद की दो महिला प्रत्याशियों के शैक्षिक प्रमााणपत्र फर्जी होने की शिकायत पर आरओ ने जांच शुरू कर दी है। शैक्षिक प्रमाण पत्र जारी करने वाले शिक्षण संस्थान से लिखित में जवाब मांगा गया है। गांव दादूपुर गोविंदपुर से नौ महिला प्रत्याशी मैदान में है। गांव के ही इसलाम ने आरओ को दिए पत्र में जानकारी दी कि दो महिला प्रत्याशी ने आठवीं पास होने का फर्जी प्रमाण पत्र दिया है। आरोप है कि उस वक्त के प्रमाण पत्र बनाए गए हैं जब स्कूल की मान्यता ही नहीं थी। शिकायतकर्ता ने दोनों प्रत्याशियों का नामांकन रद्द करने की मांग करते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग उठाई है। आरओ विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है, जिसकी जांच कर रहे हैं। जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रत्याशियों का नामांकन रद्द किया जाएगा।इधर, शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय से भी की जाएगी। मांग की जाएगी कि जल्द से जल्द प्रशासन को गुमराह करने वाली प्रत्याशियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।


