शिवरात्रि पर जलाभिषेक को धर्मनगरी के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे बम-बम भोले के जयकारे

हरिद्वार । श्रावण मास की शिवरात्रि पर जलाभिषेक को धर्मनगरी के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से सुख समृद्धि की कामना की।

भोर से शुरू हुआ जलाभिषेक देर शाम तक जारी रहा। शिवालयों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को मंदिर समितियों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।

कांवड़ मेला बुधवार को शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। 11 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा के 13 दिन में 4.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु जल लेकर गंतव्य को रवाना हुए। बुधवार श्रावण मास की शिवरात्रि पर धर्मनगरी के शिवालयों में स्थानीय श्रद्धालु ही नहीं बड़ी तादात में आसपास क्षेत्रों के कांवड़ यात्रियों ने भी ब्रह्ममुहूर्त (सुबह सवा चार बजे से 4.56 तक) भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

आशुतोष की ससुराल कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर के अलावा बिल्केश्वर मंदिर, नीलेश्वर महादेव, दरिद्रभंजन मंदिर, पीपलेश्वर महादेव मंदिर, पशुपति नाथ मंदिर, दयालेश्वर महादेव मंदिर आदि में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों में पुलिस बल भी तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *