केंद्रीय विद्यालय – 2 के नन्हे मुन्नो ने तिरंगा यात्रा रैली निकाली, हाथों में तिरंगा लिए नारे लगाते हुए बच्चों ने गुंजा दिया आकाश
रुड़की। जब देश अपनी आजादी की 75 मी सालगिरह मना रहा है और केंद्र तथा राज्य सरकारी हर-घर तिरंगा घर घर तिरंगा कार्यक्रम के माध्यम से देशभक्ति का जज्बा पैदा करने में लगी है तब आज आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे जोशो खरोश के साथ तिरंगा यात्रा रैली निकाली । इस रैली में विशेष रुप से प्राथमिक विभाग के कक्षा 4 और 5 के छात्र छात्राओं एवं स्काउट गाइड ने भाग लिया । प्राचार्य अरविंद कुमार ने आज़ादी के अमृत महोत्सव के महत्व से बच्चों को परिचित कराते हुए तिरंगा झंडा लहराकर रैली का शुभारंभ किया । इससे पूर्व प्राचार्य अरविंद कुमार ने अपने संबोधन में बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा के बारे में संक्षेप में बताया तथा किस प्रकार से हमारे राष्ट्रीय ध्वज का वर्तमान स्वरूप अस्तित्व में आया उससे परिचित कराया । उन्होंने कहा कि जिस आजादी का हम आनंद ले रहे हैं उसके लिए देश के वीर शहीदों ने हंसते हंसते अपने प्राणों की आहुति दी थी । अब यह हमारा कर्तव्य है कि हम अपने श्रेष्ठ कार्यों से आजादी की रक्षा करते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएं। तिरंगा रैली में विजया, सविता वर्मा, सीमा अग्निहोत्री, मुकेश कुमार, विकास कुमार, दीपक शर्मा, योगेश पाराशर आदि शिक्षक भी बच्चों के साथ साथ उद्घोष लगाते हुए सम्मिलित हुए। विद्यालय के शिक्षक घनश्याम बादल ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य खंजरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में ‘हर-घर तिरंगा घर – घर तिरंगा’ कार्यक्रम के साथ-साथ स्वाधीनता के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करना था । इन बच्चों ने खंजरपुर में घर-घर जाकर लोगों को इस यात्रा के बारे में जानकारी दी तथा आजादी के अमृत महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए उनसे आग्रह किया । बच्चों ने इस रैली में यह भी संकल्प लिया कि वे 13 अगस्त से 15 अगस्त तक अपने घरों में तिरंगा फहराने के साथ-साथ अपने मोहल्ले के लोगों को भी घर में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करेंगे।

