छठ पूजा का महत्व हमें प्रकृति और सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है, भगवानपुर विधायक ममता राकेश छठ पूजा में हुई शामिल
भगवानपुर। क्षेत्र में छठ पूजा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सोमवार को विधायक ममता राकेश ने छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व चार दिनों तक चलता है। छठ पर्व के दौरान नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य शामिल हैं।
छठ पूजा में लोग उपवास रखते हैं और डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस पर्व में श्रद्धालु शुद्धता और पवित्रता का पालन करते हैं और अपने परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। छठ पूजा का महत्व हमें प्रकृति और सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। छठ पूजा भारतीय संस्कृति का एक प्राचीन और महत्वपूर्ण पर्व है। प्राचीन इसलिए क्योंकि छठी मैया की उपासना और छठ पर्व मनाने का उल्लेख रामायण और महाभारत में भी किया गया है। कहा कि छठ के अंतिम दिन उषा अर्घ्य में उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसक साथ ही छठ पूजा संपन्न होती है। यह पर्व हमें प्रकृति और सूर्य के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश देता है। इसके साथ ही छठ पूजा में भक्ति गीतों का भी विशेष महत्व होता है। छठ के गीत वातावरण को और भी पवित्र बना देते हैं। इस पूजा के दौरान व्रती पूरे नियम और संयम का पालन करते हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।





























