अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा, हड़बाड़ और पिटकुल क्षेत्रों में केंद्रीय टीम का निरीक्षण – प्रभावित लोगों से मिलकर की स्थिति की समीक्षा

बागेश्वर । केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्च-स्तरीय अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (IMCT) ने मंगलवार को जनपद बागेश्वर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। केंद्रीय टीम ने हड़बाड़ क्षेत्र का भ्रमण किया, जहाँ हाल ही में भूमि धंसाव एवं भूस्खलन की घटनाओं से सात परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल सुरक्षित स्थलों – स्थानीय विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र – में स्थानांतरित किया गया है। उन्हें आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है और प्रभावितों के विस्थापन को लेकर तेजी से कार्यवाही की जा रही है।

 

 

वहीं इस दौरान उन्होंने ड़ंगोली बालीघाट मोटर मार्ग निरीक्षण किया। मोटर मार्ग के किलोमीटर 32 और 34 में सड़क धंस रही है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को सड़क सुधारीकरण के समय पानी की निकासी पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इसके अतिरिक्त टीम ने पिटकुल क्षेत्र का भी दौरा किया, जहाँ मलबा आने से 132 केवी सर्विस स्टेशन को काफी क्षति हुई है। केंद्रीय टीम ने घटनास्थलों पर हुए नुकसान का आकलन किया तथा राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली।

 

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने केंद्रीय टीम को आपदा की स्थिति, बचाव व राहत कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न विभागों द्वारा हुए नुकसान का विवरण प्रस्तुत किया। टीम के समक्ष विभागवार हानि का संक्षिप्त प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम के साथ मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

केंद्रीय टीम का उद्देश्य आपदा से हुए जन-धन, आधारभूत संरचना, कृषि एवं स्थानीय आजीविका को हुए नुकसान का आकलन करना और राहत व पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा। टीम ने आश्वस्त किया कि आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *