उत्तराखंड का सपूत गौतम लाल नागालैंड में शहीद, शहादत की खबर के बाद से गांव में पसर गया मातम, शहीद गौतम लाल पैराशूट रेजिमेंट में 21वीं बटालियन के पैराट्रूपर थे
देहरादून । टिहरी जिले के नौली गांव (हिंसरियाखाल पट्टी) निवासी सेना के पैराटू्र पर गौतम लाल (24) नागालैंड में शहीद हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक नागालैंड में जवानों ने उग्रवादी समझकर फायरिंग कर दी। इस घटना में सात मजदूर सहित कुल 13 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद वहां हिंसा हो गई और इस हिंसा में गौतम लाल शहीद हो गए। गांव के लाल के शहीद होने की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। इधर, क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने जवान की शहादत पर शोक जताया है। शहीद का पार्थिव शरीर सोमवार को जॉलीग्रांट देहरादून लाया जाएगा।विकास खंड कीर्तिनगर में हिंसरियाखाल क्षेत्र के नौली गांव (नौसिला तोक) के रमेश लाल और रूपा देवी के सबसे छोटे पुुत्र वर्ष 2018 में पैराशूट रेजीमेंट की 21वीं बटालियन में भर्ती हुए थे। इन दिनों वह नागालैंड ड्यूटी में थे। गौतम पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी तीन बहनें हैं। पिता रमेश गांव में मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। राजकीय इंटर कॉलेज हिंसरियाखाल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई करने के बाद वह सेना में भर्ती हो गए थे।

