फर्जी मोहर व साइन करने पर डीलर की दुकान निरस्त, एसडीएम की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने की कार्रवाई, दुकान कान्हावाली के डीलर से संबद्ध की गई
रुड़की । सैदाबाद के डीलर ने राशन के स्टॉक, उपभोग व वितरण रजिस्टर में पंचायत सचिव की फर्जी मोहर लाकर खुद ही साइन कर दिए। मामला सामने आने पर प्रशासन ने जांच की तो मोहर तथा साइन फर्जी मिले। एसडीएम की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने डीलर का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। दुकान कान्हावाली के डीलर से संबद्ध की गई है। लक्सर के नेतवाली सैदाबाद में सस्ते गल्ले के राशन की दुकान गांव के विनोद कुमार के नाम थी। अक्तूबर 2020 में ग्रामसभा की प्रशासनिक समिति की बैठक में डीलर पर उपभोक्ताओं से अभद्रता, राशन वितरण में गड़बड़ी के अलावा ग्राम पंचायत सचिव के फर्जी हस्ताक्षर करने की शिकायत की गई। समिति ने दुकान का लायसेंस निरस्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया। बाद मे पंचायत की खुली बैठक में भी इसकी पुष्टि हुई। मामला सामने आने पर एसडीएम ने डीलर को नोटिस देकर उसका पक्ष जाना। डीलर ने पंचायत सचिव की मोहर व हस्ताक्षर सही होने की बात कही। इसके बाद अगली सुनवाई पर डीलर के साथ ही तत्कालीन पंचायत सचिव रविंद्र कुमार को भी बुलवाया गया। पंचायत सचिव ने डीलर के राशन वितरण, उपभोग व स्टॉक रजिस्टर में लगी मोहर व हस्ताक्षर का फर्जी बताया। एसडीएम ने बीडीओ से जांच कराई तो डीलर के दस्तावेजों में लगी पंचायत सचिव की मोहर व साइन दोनों फर्जी मिले। यह भी पता चला कि डीलर का लायसेंस इससे पहले भी तीन बार निलंबित हआ है। इसके बाद एसडीएम ने जांच रिपोर्ट डीएम हरिद्वार को भेजी थी। इसके आधार पर डीएम ने डीलर विनोद का लायसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के आदेश दिए हैं। लक्सर की आपूर्ति निरीक्षण ममता ग्वाड़ी ने आदेश मिलने की पुष्टि की। बताया कि सैदाबाद की दुकान फिलहाल अस्थायी रूप से कान्हावाली गांव के डीलर राजेंद्र सिंह की दुकान से अटैच की गई है।



