अयोध्या में राम मंदिर हिंदुओं के संघर्ष और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के कारण बना, राजनीतिक पार्टी ना लें श्रेय: प्रवीण तोगड़िया
रुड़की । अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर हिंदुओं के संघर्ष और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के कारण बना है। हमारे पुरुखों ने इसके लिए काफी संघर्ष किया था। किसी भी संगठन, राजनीतिक पार्टी और अन्य को इसका श्रेय नहीं लेना चाहिए।अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से बुधवार को नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि हमारे पुरुखों के कारण ही हिंदू हैं। उन्होंने हिंदुओं की रक्षा, संपत्ति की रक्षा, महिलाओं की सुरक्षा आदि के लिए गांव-गांव में युवाओं को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल से जोड़ने के लिए कार्यकर्त्ताओं का आह्वान किया। कहा कि हिंदुओं की सुरक्षा का बीड़ा अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और बजरंग दल ने उठाया है। डा. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि हमें भारत को अफगानिस्तान नहीं बनाना है। इसलिए जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना होगा। साथ ही तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध लगाना होगा। कहा कि अगले वर्ष दशहरे के दिन एक करोड़ शस्त्र पूजन का लक्ष्य रखा गया है। अब सत्यमेव जयते नहीं, बल्कि शस्त्रमेव जयते होगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने हिंदुओं के लिए हिंदू हेल्पलाइन, इंडियन हेल्थ लाइन, एक मुट्ठी अनाज, हिंदू युवक-युवतियों के लिए रोजगार, महिला सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य, बच्चों के आगे बढ़ने सहित अन्य योजनाएं शुरू की हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री ईश्वरी प्रसाद, बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह नेगी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड सुभाष जोशी, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष नवीन राजपूत, जिला कार्यकारी अध्यक्ष संजय बजरंगी, अंकुश पंडित समेत काफी संख्या में कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।



