रुड़की महापौर अनीता ललित अग्रवाल को किया गया सम्मानित
रुड़की। महापौर अनीता अग्रवाल को धार्मिक-सांस्कृतिक राष्ट्र निर्माण कॉन्क्लेव 2025” में उनके धार्मिक और सांस्कृतिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रुड़की में माँ गंगा की पावन आरती की शुरुआत जैसी ऐतिहासिक पहल के लिए प्रदान किया गया, जो उत्तराखंड की आस्था और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित है।
सम्मान ग्रहण करते हुए महापौर अनीता अग्रवाल ने कहा, “यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि पूरे रुड़की की जनता, उसकी आस्था और सहयोग का प्रतीक है। इस पहल की प्रेरणा हमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकास और संस्कृति के समन्वय वाली सोच से मिली है।” कॉन्क्लेव में देशभर से अनेक धार्मिक-सांस्कृतिक संत, विचारक और समाजसेवी उपस्थित रहे।
यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 11 वर्षों की सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को समर्पित था। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख संत-महापुरुषों में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, परम पूज्य देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज, जैन मुनि लोकेश जी महाराज, और परम पूज्य सुधांशु महाराज जी शामिल रहे, जिन्होंने भारतीय संस्कृति, धर्म और समाज की मजबूती में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। सुदर्शन न्यूज़ के प्रधान संपादक डॉ. सुरेश चव्हाण के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों को समाज में पुनर्स्थापित करना था। महापौर अनीता अग्रवाल ने आयोजन के अंत में सुदर्शन न्यूज़ परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी रुड़की की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।