सहारनपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले-संकट की घड़ी में हम पड़ोसी राज्यों के साथ खड़े हैं, मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के लिए 48 ट्रक राहत सामग्री को रवाना किया

सहारनपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश के विभिन्न राज्यों में प्राकृतिक आपदा ने परेशानी खड़ी की है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब आपदा से घिरे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करते हुए सहारनपुर के साथ लखनऊ और बलिया भी परेशानी में उनके साथ खड़े हैं। अन्य सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी तो प्रदेश की 25 करोड़ जनता उनके साथ है।

 

 

सोमवार को अंबाला रोड स्थित सरोवर पोर्टिको से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भरे 48 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि देने का ऐलान किया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने राज्यमंत्री जसवंत सैनी को हिमाचल प्रदेश, कुंवर बृजेश सिंह को उत्तराखंड व नगर विधायक राजीव गुंबर को पंजाब के लिए राहत सामग्री ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन बार भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारे से शुरुआत कर मां शाकंभरी के पावन धाम-धरा को नमन करते हुए परंपरागत रूप से संबोधन शुरू किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्राकृतिक आपदा के राहत सामग्री भेजी जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने आपदा से निपटने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाए हैं।

उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अगर समाज और स्वयं सेवी संगठन भी साथ खड़े हो जाते हैं तो सरकार और मजबूती से काम कर सकती है। आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार बाढ़ का इतना प्रभाव नहीं रहा। यहां पहले से किए गए प्रयास कारगर साबित हुए हैं और हमने बाढ़ को नियंत्रण किया है। सहारनपुर हो या बागपत, बिजनौर से लेकर बलिया तक बाढ़ से निपटने की पुख्ता व्यवस्था की गई है। यदि कहीं जन-धन की हानि हुई तो सरकार ने तत्काल राहत सामग्री पहुंचाई है। बाढ़ पीड़ितों के लिए सुबह से लेकर शाम तक के भोजन के अलावा बच्चों के लिए दूध और पशुओं के लिए चारे की भी व्यवस्था की गई। जल प्लावन से नष्ट हुई किसानों के फसलों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। जल्द ही आकलन कर मुआवजा दिया जाएगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डा. अजय कुमार सिंह, विधायक किरत सिंह, देवेंद्र निम, मुकेश चौधरी व राजीव गुंबर, पूर्व सांसद राघव लखनपाल, प्रदीप चौधरी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *